Sunday, February 10, 2019

गांव में ही निवास करती है भारत माता की आत्मा: भैया जी जोशी


बिपिन मिश्रा 
लखीमपुर-खीरी। मोहम्मदी क्षेत्र के ग्राम रविंद्र नगर में चल रहे आरएसएस के अखिल भारतीय समग्र ग्राम विकास प्रांत टोली शिविर में सहभाग करने आए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह भैयाजी जोशी ने रविवार को शिविर के अंतिम दिन ग्राम दर्शन के अंतर्गत ग्राम रविंद्र नगर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने गांव के मुख्य चौराहे पर गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की प्रतिमा का अनावरण किया तथा गांव के काली मंदिर में पूजन-अर्चन के उपरांत ग्रामवासियों को संबोधित किया। ग्राम दर्शन के कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक तथा भाजपा जिलाध्यक्ष लोकेंद्र प्रताप सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा आयोजित अखिल भारतीय समग्र ग्राम विकास प्रांत टोली शिविर आठ फरवरी से मियांपुर रविंद्र नगर में आयोजित किया जा रहा है। शिविर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह भैयाजी जोशी भी सहभाग कर रहे है। शिविर के अंतिम दिन भैयाजी जोशी ने ग्राम रविंद्र नगर में ग्राम दर्शन कार्यक्रम के अंतर्गत भ्रमण किया। उन्होंने गांव के मुख्य चौराहे पर गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह भी मौजूद रहे। इसके बाद सर कार्यवाहक भैयाजी जोशी गांव के काली मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजन-अर्चन कर ग्रामवासियों को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारत माता गांव में निवास करती हैं। उन्होंने कहा कि रविंद्रनगर में गांव का दर्शन कर मन प्रसन्न हुआ, सभी ग्रामवासियों के हृदय में सामूहिकता की भावना है। यहां बाहर के कार्यकर्ताओं का अतिथियों की भांति स्वागत किया गया है। प्रेम हृदय के अंदर होता है। गांव का दर्शन मतलब ग्रामीणों का दर्शन। पूरे गांव की संस्कृति में रविंद्र नाथ टैगोर, अरविंद घोष, बंकिम चंद्र चटर्जी, स्वामी विवेकानंद और स्वामी प्रणवानंद की संस्कृति की झलक मिलती है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् भी बंगाल से आया है और स्वामी विवेकानंद का उद्घोष गर्व से कहो हम हिंदू हैं तथा गुरुदेव रविंद्र नाथ टैगोर की कविताएं इस गांव की संस्कृति में पूरी तरह चरितार्थ होती हैं। उन्होंने कहा कि सभी भाषाओं की जननी संस्कृत है। देश में विभिन्न प्रकार की भाषाएं बोली जाती हैं, लेकिन सभी भाषाओं में 50 प्रतिशत शब्द संस्कृत के होते हैं। उन्होंने कहा कि हमें देश को जगाना है और शक्तिशाली बनाना है। जब हम सभी मिलकर प्रयास करेंगे, तभी भारत माता की जय होगी तथा भारत परम वैभव के शिखर पर पहुंचेगा। मंदिर प्रांगण में सरकार्यवाहक भैयाजी जोशी ने गांव की दो बुजुर्ग महिलाओं मैना देवी व सरला को साल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके अलावा गांव के विकास में योगदान देने वाले सीआर विश्वास, साधन राम, तपन, राकेश सरकार, सुशील मंडल, देवव्रत मंडल, गोविंद मंडल, सरगम सरकार, तथा घोरपड़े सरकार जो गांव के विकास में योगदान दे रहे हैं, को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। ग्राम दर्शन के दौरान पूरे गांव में बंगाली संस्कृत की भरपूर झलक दिखलाई पड़ी, जब ग्रामीण महिलाओं ने जगह-जगह पुष्प बरसाए, शंख ध्वनि के साथ सर कार्यवाह का स्वागत किया। इस अवसर पर क्षेत्र कार्यवाह रामकुमार, प्रांत संघ चालक डॉ. धर्मेश, समग्र ग्राम विकास योजना के भारत प्रमुख डॉ. दिनेश, प्रांत कार्यवाहक डॉ. अनिल, प्रांत प्रचारक कौशल किशोर, क्षेत्र प्रचारक अनिल, जिला संघ चालक अमित भसीन, क्षेत्रीय विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह, गोला जिला के बौद्धिक प्रमुख ऋषिकांत त्रिवेदी, कोविंद वर्मा, अरुण शुक्ला, अजय कटियार सहित महाराष्ट्र, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, आंधप्रदेश, तेलंगाना, उड़ीसा, बंगाल, असम, मिजोरम, त्रिपुरा, चंडीगढ़ व दिल्ली से आए समग्र ग्राम विकास स्वयंसेवक मौजूद रहे।

यूपी में मिसाल है गांव रविन्द्रनगर मियांपुर

ग्राम रविंद्रनगर मियांपुर में देश विभाजन के बाद आए हुए बंगाली परिवारों को बसाया गया था। आज यह गांव पूरे उत्तर प्रदेश में एक मिसाल बना हुआ है। इस गांव को आदर्श ग्राम के लिए राष्ट्रपति द्वारा भी पुरस्कृत किया जा चुका है। पूरे गांव में आपको कहीं भी नालिया नहीं मिलेंगी, सभी घरों का पानी गड्ढों से अंदर जाकर भूजल को रिचार्ज करता है। गांव के अधिकतर मकान कच्चे हैं, लेकिन स्वच्छता ऐसी कि देखते रह जाओगे। अभी 26 जनवरी को इस गांव के विद्यालय को पूरे जिले में स्वच्छता के लिए प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया है। विदित हो की ग्राम मियांपुर रविंद्र नगर के विद्यालय को स्थानीय विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह ने गोद ले रखा है।

No comments:

Post a Comment

Please share your views

सिर्फ 7,154 रुपये में घर लाएं ये शानदार कार

  36Kmpl का बेहतरीन माइलेज, मिलेगे ग़जब के फीचर्स! | Best Budget Car in India 2024 In Hindi b est Budget Car in India: कई बार हम सभी बजट के क...